कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने और परेशानी में फंसी आबादी की मदद करने के प्रयासों के तहत गोवा नौसेना क्षेत्र इस राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में भी भोजन और आवश्यक आपूर्ति के वितरण के माध्यम से स्थानीय लोगों की मदद करना जारी रखे हुए है।
01 अप्रैल 20 को, गोवा नौसेना क्षेत्र के मुख्यालय ने मैंगोर हिल के पार्षद के साथ समन्वय किया और गांधीनगर में दिहाड़ी श्रमिकों के परिवार वालों, प्रवासी मजदूरों और कम आय वाले परिवारों को ज़रूरी आपूर्ति वितरित की। 200 परिवारों को लगभग 1000 किलोग्राम आवश्यक सामान वितरित किया गया। इसके अलावा शहरी विकास और समाज कल्याण मंत्री श्री मिलिंद नाइक को 600 किलोग्राम की खाद्य आपूर्ति सौंपी गई ताकि उनका वितरण जरूरतमंद परिवारों में किया जा सके।
इस सप्ताह की शुरुआत में आईएनएस हंसा से भारतीय नौसेना के जवानों और रक्षा सुरक्षा कोर (डीएससी) के जवानों ने गोवा के वास्को में कई स्थानों पर भोजन वितरित किया था। गोवा में वास्को रेलवे स्टेशन, बोगदा और राम मंदिर में लगभग 320 लोगों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया गया।
Source-pib.gov.in (रिलीज़ आईडी: 1610970)
0 comments:
Post a Comment